सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्षों का उत्सव मनाएगी भाजपा, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला की कार्यशाला रविवार को घाटशिला स्थित होटल आनंदिता के सभागार में आयोजित हुई।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष संजीव सत्या तिवारी ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और जिला प्रभारी दिनेश कुमार मौजूद रहे। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष राहुल पांडेय ने किया।


कार्यशाला को संबोधित करते हुए गीता कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और सुशासन के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब, वंचित, किसान, महिला और युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को महज संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जनसेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। कार्यकर्ता सेवा गतिविधियों के जरिए संगठन और समाज के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनाएं।


भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उदाहरण है। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा और जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों के बीच पहुंचकर सेवा एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।


जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना और संगठन की सेवा भावना को जन-जन से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए।

जिलाध्यक्ष संजीव सत्या तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा समाज के बीच रहकर सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित यह अभियान कार्यकर्ताओं के लिए गौरव, प्रेरणा और सेवा का अवसर है।

उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यशाला में अभियान के तहत होने वाली विभिन्न सेवा गतिविधियों, सामाजिक सरोकार, जनजागरूकता और संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। मंडल एवं बूथ स्तर तक अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी, पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन, काजल महाकुड़, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साब, महामंत्री हेमंत नारायण देव, गौर पात्र, गीता मुर्मू, चंदना मुर्मू, विश्वनाथ बेहरा, रंगलाल महतो, कृष्णा शर्मा, सुबोध सिंह, विजय पांडेय, राजकुमार कर, काकूली सिंह, तनुश्री नंदा, मंटू सिंह, दीपक दंडपात, सुजन मान्ना, मंटू प्रजापति, दिलीप पांडा, जयंत घोष, कमल कांत सिंह, सौरभ हांसदा, शुभेंदु पात्र, अशोक पासवान, सुखेन दास समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यशाला का समापन सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.