बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का हल्लाबोल, जमशेदपुर में डीसी ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भीषण गर्मी के बीच लौहनगरी जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के कई क्षेत्रों में बदहाल बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला कार्यालय से आक्रोश मार्च निकालते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बिजली-पानी संकट के समाधान की मांग की।



भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में बिजली आपूर्ति चरमरा गई है और ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक लोग घंटों अघोषित कटौती से परेशान हैं। वहीं, जलापूर्ति योजनाएं ठप हैं, चापाकल खराब पड़े हैं और लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जल संकट के विरोध में घड़ा फोड़कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि किसी भी सरकार का पहला दायित्व नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना होता है, लेकिन वर्तमान सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में शुरू हुई यह महत्वाकांक्षी योजना आज भी अधूरी पड़ी है, जिससे हजारों लोग प्रभावित हैं। उन्होंने सरायकेला-खरसावां में बिजली कटौती के दौरान मोबाइल टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराने की घटना का हवाला देते हुए सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए।



विधायक पूर्णिमा साहू ने एमजीएम अस्पताल में व्याप्त जल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मरीज और उनके परिजन पीने के पानी के लिए परेशान हैं। कई वॉटर प्यूरीफायर खराब पड़े हैं और पानी की कमी के कारण ऑपरेशन तक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से अविलंब व्यवस्था सुधारने की मांग की।

प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि सरकार का 200 यूनिट मुफ्त बिजली का दावा केवल दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की ‘हर घर नल जल’ योजना को भी प्रभावी ढंग से लागू करने में विफल रही है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए त्राहिमाम कर रही है, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाई जाए, जर्जर बिजली तार बदले जाएं और खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा और बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं हजारों समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें