JAMSHEDPUR : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह के कल्याणनगर और इंद्रानगर में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों बस्तियों के प्रतिनिधि भी उनके साथ मौजूद रहे।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बस्तीवासियों की स्थिति से अवगत कराते हुए बरसात के मौसम में प्रस्तावित कार्रवाई को स्थगित करने तथा प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि जिला प्रशासन सभी प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़े और पुनर्वास की व्यवस्था के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक को आश्वस्त किया कि पूरे मामले में जिला प्रशासन से विस्तृत प्रतिवेदन मंगाकर आवश्यक स्तर पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी भेंट कर मामले की जानकारी दी। वित्त मंत्री ने भी जिला प्रशासन से इस संबंध में चर्चा कर आवश्यक पहल का भरोसा दिया।
विधायक ने बताया कि इससे पहले भी वह प्रभावित परिवारों से मिल चुकी हैं और जिला प्रशासन से कार्रवाई स्थगित रखने का आग्रह कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बस्तीवासियों के हित में डीसी कोर्ट में अपील भी दायर की गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि कानून का सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेकर प्रभावित परिवारों को राहत और सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी।
















