बागबेड़ा की सात जनसमस्याओं को लेकर पीएचईडी कार्यपालक अभियंता को सौंपा मांग पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति समेत सात जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा ने संयुक्त रूप से पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग उठाई।

सौंपे गए सात सूत्री मांग पत्र में बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के 1140 क्वार्टरों में नियमित, निर्धारित समय पर और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से शामिल है। इसके अलावा रोड नंबर-4 स्थित काली मंदिर परिसर के आसपास पिछले तीन महीने से बंद जलापूर्ति को तत्काल चालू कराने की मांग की गई।

जनप्रतिनिधियों ने वर्ष 2025 में करीब एक करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए फिल्टर पंप हाउस की वित्तीय एवं तकनीकी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही जिला उपायुक्त को पूर्व में सौंपे गए आवेदनों पर कार्रवाई करने, विभागीय बैठकों में सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा कनीय अभियंता के कार्यालय में बैठने का समय निर्धारित करने की मांग की गई। वहीं, रोड नंबर-2 स्थित कुंवर सिंह मैदान के गड्ढों का समतलीकरण कराने की मांग भी उठाई गई।

इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने आरोप लगाया कि नए फिल्टर पंप हाउस की उच्चस्तरीय जांच होने पर बड़े पैमाने पर हुई कथित वित्तीय एवं तकनीकी अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जांच में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों और संवेदक की कथित मिलीभगत भी सामने आ सकती है।

वहीं, कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर ने मांग पत्र का अवलोकन करने के बाद सभी समस्याओं की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.