अधूरे मंदिर निर्माण को पूरा कराने और विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर बनी सहमति
Nowamundi : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा बाजार स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में संत शिरोमणि श्रीश्री बाबा गणिनाथ गोविंद के जन्मोत्सव को लेकर मध्यदेशीय समाज के लोगों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के गणमान्य सदस्य काशीनाथ गुप्ता ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी संत शिरोमणि श्रीश्री बाबा गणिनाथ गोविंद का जन्मोत्सव आगामी 19 सितंबर, शनिवार को बड़ाजामदा स्थित गणिनाथ मंदिर में श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर आवश्यक तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
मंदिर निर्माण जल्द पूरा कराने पर जोर
बैठक के दौरान गणिनाथ मंदिर के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। समाज के सदस्यों ने मंदिर निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने और इसके लिए आवश्यक सहयोग जुटाने पर जोर दिया।
विवाह संबंधों को सुगम बनाने के लिए बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
समाज के युवक-युवतियों के विवाह संबंधों को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का भी निर्णय लिया गया। इस ग्रुप में विवाह योग्य स्वजातीय युवक-युवतियों के बायोडाटा साझा किए जाएंगे। इससे समाज के लोगों को उपयुक्त विवाह संबंध तलाशने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हर माह बैठक कर सामाजिक मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में सदस्यों ने समाज की एकता और आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। सदस्यों ने कहा कि नियमित बैठक के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जा सकेगा और आपसी सहयोग एवं भाईचारे को और मजबूत किया जा सकेगा।
बैठक में मनीष गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, मणि शंकर प्रसाद, दीपक गुप्ता, अमित गुप्ता, मदन गुप्ता, धनंजय गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, प्रहलाद प्रसाद गुप्ता, रमेश गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, विनोद गुप्ता, अशोक प्रसाद गुप्ता सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

















