Jamshedpur:आजादनगर थाना क्षेत्र के कुली रोड पर पढ़ाने जा रही एक युवती से पर्स छिनतई के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। गुरुवार को गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. फरहान उर्फ शब्बान (20) के रूप में हुई है, जो आजादनगर थाना क्षेत्र के केजीएन कॉलोनी रोड नंबर दो का निवासी है। उसका एक साथी नाबालिग है, जिसे भी मामले में संलिप्त पाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, नकद ₹3000, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
इस कार्रवाई में आजादनगर थानेदार चंदन कुमार के नेतृत्व में एसआई मो. जाफर अंसारी, ईश्वर दयाल मुंडा, दीपक कुमार रौशन, मनीष कुमार राय, मो. शाबिर हुसैन, एएसआई विजय कुमार दुबे और छोटेलाल हेंब्रम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।









