बोलायडीह बस्ती में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंची अस्तित्व संस्था, राहत सामग्री उपलब्ध कराई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बोलायडीह बस्ती के वार्ड नंबर 12 में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे परिवारों का हाल जानने के लिए अस्तित्व संस्था की टीम पहुंची। संस्था की टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ के कारण कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान, बिस्तर, बर्तन, राशन और बच्चों की किताब-कॉपियां तक बर्बाद हो गई हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि डैम का पानी छोड़े जाने के बाद खरकाई नदी का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे बस्ती में पानी घुस जाता है और पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। प्रभावित परिवारों के अनुसार, बाढ़ के कारण उनके घरों में रखा चावल, दाल, आटा और अन्य खाद्य सामग्री भी खराब हो गई। कई परिवारों के घरों में चूल्हा तक नहीं जल पाया और लोग भोजन के लिए परेशान हैं।

कल से भूखे थे कई परिवार

संस्था की टीम ने बताया कि मौके पर स्थिति काफी चिंताजनक थी। प्रभावित परिवारों ने बताया कि वे लंबे समय से राहत की प्रतीक्षा कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रशासन, नगर निकाय अथवा अन्य संस्थाओं की ओर से तत्काल राहत नहीं पहुंचने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

अस्तित्व संस्था की टीम ने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया और तत्काल अपनी ओर से ब्रेड, चिप्स, बिस्किट और लस्सी समेत खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। संस्था ने कहा कि प्रभावित परिवारों को अभी भी व्यापक राहत और आवश्यक सामग्री की जरूरत है।

अधिकारियों से राहत पहुंचाने की मांग

संस्था की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं नगर निकाय के उच्च पदाधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने का आग्रह किया गया। अधिकारियों की ओर से आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

संस्था की संस्थापक मीरा तिवारी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल भोजन और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। संस्था का कहना है कि नाले में डंपिंग के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। यदि नाले की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाए तो भविष्य में जलजमाव और बाढ़ की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

मौके पर संस्था की संस्थापक मीरा तिवारी, जिला अध्यक्ष अन्नू चौबे, प्रिया सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामा शंकर पांडेय, समाजसेवी संजय सिंह एवं धनंजय सिंह, गंगाधर पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.