आदित्यपुर में तेज रफ्तार बस का कहर, दो लोगों को कुचला—दोनों गंभीर घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आईआईटी मोड़ और उत्कल मोड़ के समीप मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बस ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्का जैन यूनिवर्सिटी की बस (संख्या JH05DG9253) ने सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच पहले एक मोटरसाइकिल सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। हादसे में घायल युवक की पहचान शेख मोहम्मद नसीम के रूप में हुई है, जो ड्यूटी पर जा रहे थे।

नसीम ने बताया कि वे सामान्य गति से बाइक चला रहे थे, तभी पीछे से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इसी दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि उक्त बस ने एक अन्य व्यक्ति को भी टक्कर मारी थी। करीब 50 वर्षीय यह व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, तभी बस की चपेट में आ गया।

दूसरे घायल को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं आंखों में भी चोट लगने की सूचना है। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इधर, पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यस्त चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.