बाराबस्ती गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई गई, सामाजिक न्याय के संदेश पर जोर

SHARE:

Jamshedpur  : बाराबस्ती गांव चंदियाना में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रिंकू गौतम ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष सह पश्चिम विधानसभा विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिधि अंसार खान शामिल हुए।

अंबेडकर के विचारों को अपनाने का आह्वान

अंसार खान ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक और भारतीय संविधान के निर्माता थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया और समाज में समानता स्थापित करने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी ने छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ आंदोलन चलाकर समाज को नई दिशा दी और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और भारतीय संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश को मजबूत और समतामूलक बनाने के लिए अंबेडकर के आदर्शों को अपनाना आवश्यक है।

प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के बीच हलवा का वितरण किया गया। आयोजन में रॉबिन गौतम, विनीत गौतम, कुलदीप गौतम, सुनील गौतम, जोगी गौतम, विक्रम गौतम, रिफाकत खान सहित कई लोग मौजूद रहे। यह आयोजन सामाजिक एकता, समानता और संविधान के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देता नजर आया।

Leave a Comment