Jamshedpur : हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत बंद को कांग्रेस ने पूरी तरह असफल बताया है। कांग्रेस के जिला महासचिव अजय मंडल ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि यह बंद जनता के हित में नहीं, बल्कि भाजपा नेता एवं बार संचालक नीरज सिंह को बचाने की साजिश था, जिसे शहरवासियों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।
अजय मंडल ने कहा कि राज्य सरकार ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को हटाया। इसके अलावा बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है तथा पीड़ित परिवार की सभी प्रमुख मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हत्या के बाद दो दिनों तक हिमांशु सिंह का परिवार न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठा रहा, लेकिन उस समय भाजपा का कोई बड़ा नेता उनके साथ नहीं दिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि बंद का असली उद्देश्य सरकार पर अनावश्यक राजनीतिक दबाव बनाना और बार मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को बचाना था।
अजय मंडल ने दावा किया कि हत्या की जड़ संबंधित बार है। उन्होंने सवाल उठाया कि वहां रात में कथित रूप से लड़कियों के अश्लील डांस की अनुमति किसने दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा जनता अब उसके दोहरे चरित्र को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस पूरी ईमानदारी के साथ मामले की जांच और कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार भाजपा के पास जनहित का कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए राजनीतिक लाभ और अपनी छवि चमकाने के उद्देश्य से बंद का आह्वान किया गया, जो पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ।









