Seraikela:पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को चार चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले में बढ़ते संपत्ति मूलक अपराधों, अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में आदित्यपुर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली (19 वर्ष) एवं सुरज सोय उर्फ डाकु (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
रवि महतो मूल रूप से बारीजोड़ी, थाना राजनगर का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में वह सालडीह बस्ती, नीचे टोला, एलआईसी कॉलोनी के समीप आदित्यपुर थाना क्षेत्र में रह रहा था।
वहीं सुरज सोय उर्फ डाकु इन्द्रकाटा, थाना चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम) का निवासी है और वर्तमान में एलआईसी कॉलोनी के नीचे घासी राम के घर में भाड़ेदार के रूप में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें—
हीरो होंडा मोटरसाइकिल (नं. JH22H-2704)
बिना नंबर प्लेट काले रंग की स्प्लेंडर प्लस (चेसिस नं. MBLHAW172NHJ18636)
बिना नंबर प्लेट काले रंग की स्प्लेंडर प्लस (चेसिस नं. MBLHAW123MHB10604)
काले रंग की स्प्लेंडर प्लस (पंजीयन नं. JH01EH-6384000, चेसिस नं. MBLHAW122MHB77393)
शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुरज सोय उर्फ डाकु का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आदित्यपुर, इचागढ़, आरआईटी और कदमा थाना में चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं, जिनमें धारा 379, 413, 414 एवं अन्य संगीन धाराओं के तहत मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह को बड़ा झटका लगा है।









