Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम की नई सरकार का औपचारिक गठन सोमवार को जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ हो गया। कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार और नगर निगम के सभी 35 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रशासनिक गरिमा और लोकतांत्रिक उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयबर्द्धन कुमार और एसडीओ अभिनव प्रकाश सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शपथ के बाद आयुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
महापौर संजय सरदार ने शपथ लेने के बाद शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करना, शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और होल्डिंग टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने नागरिकों से भी नगर विकास में सहयोग की अपील की। समारोह में नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।








