Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे एक वॉशिंग सेंटर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ड्यूरियन शोरूम के ठीक सामने लंबे समय से चल रहे इस वॉशिंग सेंटर को लेकर स्थानीय लोगों ने अवैध संचालन का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद अब तक नगर निगम या संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह वॉशिंग सेंटर न तो नगर निगम के मानकों का पालन कर रहा है और न ही पर्यावरण व यातायात संबंधी नियमों का। इसके बावजूद बेखौफ होकर इसका संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सवाल उठने लगे हैं।
वॉशिंग सेंटर के संचालक पवन सिंह का दावा है कि उनके प्रतिष्ठान पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकती। हालांकि, इस दावे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग अब जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप है, तो इसकी जांच से सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी।
मामला केवल अवैध संचालन तक सीमित नहीं है। वॉशिंग सेंटर में उपयोग हो रही बिजली को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्पष्ट नहीं है कि वहां लगाया गया बिजली मीटर व्यावसायिक (कमर्शियल) श्रेणी का है या किसी निजी उपभोक्ता के नाम पर लिया गया है। यदि नियमों के विपरीत बिजली का उपयोग किया जा रहा है, तो यह सीधे-सीधे राजस्व की हानि का मामला बनता है।
संचालक का यह बयान कि “यह किसी की जागीर नहीं है और कोई भी जहां चाहे, शिकायत कर सकता है,” इस ओर इशारा करता है कि उन्हें किसी कार्रवाई का भय नहीं है। यही वजह है कि नगर निगम और बिजली विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम, बिजली विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करें और यदि वॉशिंग सेंटर अवैध पाया जाता है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाया जा सके।









