आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 19 से अजीत कुमार सिंह ने भरा नामांकन, बोले—जनता की सेवा ही जीवन का लक्ष्य

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड संख्या 19 से जुझारू प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह ने सरायकेला अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान गाजे-बाजे, नारेबाजी और समर्थकों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया।

नामांकन के बाद अजीत कुमार सिंह ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर अपना रोडमैप साझा किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सेवा ही उनके जीवन का लक्ष्य है और इसी भावना के साथ वे चुनावी मैदान में उतरे हैं।

अजीत कुमार सिंह ने शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वार्ड 19 के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक आधुनिक लाइब्रेरी (पुस्तकालय) की स्थापना उनका प्रमुख उद्देश्य है। इससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और सकारात्मक वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने वार्ड की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि उनके चुनावी एजेंडे में प्रमुख रूप से—

पेयजल: वार्ड के प्रत्येक घर तक स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना।

साफ-सफाई: ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करना और नियमित कचरा उठाव की प्रभावी व्यवस्था।

स्ट्रीट लाइट: वार्ड के अंधेरे इलाकों को रोशनी से जगमग करना।

अजीत कुमार सिंह ने दावा किया कि वार्ड 19 की जनता अब बदलाव चाहती है और वे केवल वादों की राजनीति नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन के दौरान उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़ उनके प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शा रही थी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें