प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जमशेदपुर पहुंचे आदित्य साहू,सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

SHARE:

Jamshedpur:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आदित्य साहू शुक्रवार को पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान साकची स्थित परी सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड सरकार और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल खड़े किए।
पत्रकार वार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में अपराध के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं और राज्य सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने जमशेदपुर में बीते 11 दिनों से लापता युवा उद्यमी कैरव गांधी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब तक पुलिस उन्हें खोजने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिले के एसएसपी भी कोई स्पष्ट जानकारी देने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी रांची और ओरमांझी में जब बच्चों के अपहरण की घटनाएं सामने आई थीं, तब भाजपा द्वारा पुलिस मुख्यालय का घेराव किए जाने के बाद महज दो दिनों के भीतर बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया था। लेकिन जमशेदपुर में स्थिति बेहद चिंताजनक है। यहां अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है और एसएसपी केवल कार्यालय एवं आवास तक सीमित रह गए हैं।
आदित्य साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस शीघ्र कार्रवाई कर लापता युवा उद्यमी को सकुशल बरामद नहीं करती है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तथाकथित आदिवासी सरकार के शासन में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है, महिलाएं असुरक्षित हैं, राज्य में कोयले की खुलेआम तस्करी हो रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य के कई इलाकों में बच्चे लापता हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
आदित्य साहू ने जानकारी दी कि इन तमाम मुद्दों को लेकर 27 जनवरी को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात करेगा। वहीं 28 जनवरी को वे स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे।
सारांडा क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने मार्च माह तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह अभियान एक सकारात्मक एवं सराहनीय कदम है।

Leave a Comment