Jamshedpur : दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो को न्याय दिलाने और उनके परिवार को उचित मुआवजा, नौकरी एवं अन्य वैधानिक लाभ देने की मांग को लेकर बंटी सिंह ने 22 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे से टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर परिजनों के साथ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन किया।
बंटी सिंह के अनुसार, 16 मार्च 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे काम के दौरान फर्श पर गिरे तेल पर पैर फिसलने से सुबोध पात्रो दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इस घटना में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। आरोप है कि कार्यस्थल पर घायल होने के बावजूद उन्हें IOW (Injury on Work) की सुविधा नहीं दी गई और इलाज के मामले में भी गंभीर लापरवाही बरती गई। इसके बाद सुबोध पात्रो कोमा में चले गए और छह महीने से अधिक समय तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे।
परिजनों के मुताबिक, घटना की जानकारी प्रशासन और संबंधित यूनियन के लोगों को दी गई, लेकिन परिवार को समुचित आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज के लिए अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। लंबे समय तक संघर्ष करने के बाद 21 नवंबर 2026 को सुबोध पात्रो का निधन हो गया।
बंटी सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार आज न्याय, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। परिवार का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों पर अब तक उचित पहल नहीं की गई है। ऐसे में उन्होंने परिजनों के साथ खड़े होकर न्याय की मांग को लेकर आंदोलन किया।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें
- पूरे मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो।
- पीड़ित परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी प्रदान की जाए।
- परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा इलाज की अवधि के दौरान बकाया वेतन और अन्य देय लाभों का भुगतान किया जाए।
- कार्यस्थल दुर्घटना के संबंध में IOW एवं लागू श्रमिक सुरक्षा प्रावधानों के तहत परिवार को मिलने वाले सभी वैधानिक लाभ सुनिश्चित किए जाएं।
बंटी सिंह ने कहा कि यह संघर्ष एक मजदूर के परिवार को न्याय, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए है। उन्होंने मांग की कि एक मजदूर की जान जाने के बाद उसके परिवार को न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने के साथ पीड़ित परिवार को उसका उचित अधिकार दिया जाए।
मजदूर को न्याय मिले, परिवार को सम्मान मिले—इसी मांग के साथ आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।
















