डुमरिया और मुसाबनी में उत्पाद विभाग की छापेमारी, भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर को विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डुमरिया और मुसाबनी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।

सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर निरीक्षक उत्पाद घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में डुमरिया थाना क्षेत्र के बोतला गांव और मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान ओडिशा निर्मित विदेशी शराब, बीयर और अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

विभागीय कार्रवाई में कुल 27.450 लीटर विदेशी शराब, ओडिशा में बिक्री के लिए निर्मित रॉयल मेनशन ब्रांड की 44.850 लीटर शराब तथा 650 मिलीलीटर की 69 बोतल बीयर बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 35 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई।

बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही शराब की बिक्री में संलिप्त कारोबारी मौके से फरार हो गए। इसके बाद विभाग ने फरार विक्रेताओं के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.