गलत काम करने वालों को सरकार कतई बर्दाश्त नहीं करेगी, चाहे कोई भी हो: हेमंत सोरेन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार गलत काम करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी, चाहे वह कोई भी हो। कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को भी विशेष छूट नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, कानून सभी के लिए बराबर है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है और आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, किसी व्यक्ति पर आरोप लगने मात्र से उसे दोषी नहीं ठहराया जा सकता। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और यह तय होगा कि दोषी कौन है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि विपक्ष अपनी गंदी सोच और षड्यंत्र का शिकार हो चुका है, जिसका असर अब बाहर भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में और भी षड्यंत्र किए जा सकते हैं, लेकिन सरकार और गठबंधन इसका उचित जवाब देंगे।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के इतिहास और व्यक्तित्व के कुछ पहलू उनकी किताब में हैं, कुछ उनकी जुबान पर हैं और कुछ उनके चेहरे पर दिखाई देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी अपने आप में एक अलग पहचान और छवि रखने वाली महिला हैं। उन्होंने अपना देश छोड़कर भारत आने और यहां के लोगों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने का जो सफर तय किया है, वह किसी से छिपा नहीं है। देश के लोगों के बीच उनके प्रति स्नेह और उनका जुड़ाव विशेष महत्व रखता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.