शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना की मांग पर भूमिज समुदाय का धरना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: भूमिज विद्रोह के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर भूमिज समुदाय ने आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर के समक्ष समुदाय के लोगों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर टाटा स्टील प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन से जल्द से जल्द शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।

धरने पर बैठे समुदाय के लोगों ने कहा कि वर्ष 1832-33 में हुए ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह में शहीद गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया था। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान झारखंड के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। ऐसे महान क्रांतिकारी और भूमिज समाज के गौरव को उचित सम्मान देने के लिए सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर पूर्व में भी कई बार टाटा स्टील प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लंबे समय से मांग लंबित रहने के कारण समुदाय के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान भूमिज समुदाय ने टाटा स्टील प्रबंधन को आठ दिनों का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिमा स्थापना को लेकर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो टाटा स्टील कंपनी के गेट को जाम कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहीद गंगा नारायण सिंह को उनका उचित सम्मान दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.