Manoharpur : दीपावली के त्योहार को देखते हुए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में मनोहरपुर में सखी मंडल की दीदियों की ओर से दिवाली स्पेशल स्टॉल लगाया गया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
स्टॉल का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्तिकुंज ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने स्टॉल का अवलोकन किया और सखी मंडल की दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने अपने घर की सजावट के लिए स्टॉल से खरीदारी भी की और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
दीपावली से जुड़ी सामग्री उपलब्ध
दिवाली स्पेशल स्टॉल में दीप और तेल, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की आकर्षक मूर्तियां, घर की सजावट के सामान तथा पूजा-पाठ से संबंधित आवश्यक सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई है।
ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा बाजार और रोजगार का अवसर
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, उनके उत्पादों को स्थानीय बाजार उपलब्ध कराना और त्योहारों के अवसर पर उनकी आमदनी बढ़ाना है।
जेएसएलपीएस की इस पहल से स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर दीपावली से संबंधित आवश्यक सामग्री मिल रही है। वहीं, सखी मंडल की दीदियों को अपने उत्पादों की बिक्री के साथ स्वरोजगार को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिल रहा है।

















