Jamshedpur : मानगो के शंकोसाई स्थित केदार बगान के पास एक महिला ने अपनी तीन बच्चियों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के पीछे पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, विकास सिंह के पड़ोसी एवं मित्र अजय कुमार को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए महिला और तीनों बच्चियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।
बताया गया कि अस्पताल में इलाज की व्यवस्था को लेकर परेशानी सामने आने पर विकास सिंह ने अस्पताल अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी देते हुए महिला और बच्चियों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विकास सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यह स्थिति समाज और व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने महिला और तीनों बच्चियों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल महिला और बच्चियों की स्वास्थ्य स्थिति तथा घटना के कारणों को लेकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

















