Jamshedpur : प्रखंड संसाधन केंद्र, जमशेदपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत रसोईया एवं सह-सहायिकाओं तथा प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों, सादगी, ईमानदारी, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं।
बच्चों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल रसोईया एवं सह-सहायिकाओं को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के स्वच्छता, सेवा और आत्मनिर्भरता तथा शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद किया गया।
कार्यक्रम में संजय कुमार, सुजय भट्टाचार्य, शंकर गोप, विजय कुमार, रेशमा सुरीन, राकेश कुमार, नीलम कुमारी, मिथिलेश कुमार सिंह, अनुपम कुमार सिंह, नरेश कुमार समेत प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी, रसोईया, सह-सहायिकाएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
















