Jadugoda : परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार मोहंती के 4 अक्टूबर को प्रस्तावित जादूगोड़ा दौरे को लेकर यूसीआईएल प्रबंधन तैयारियों में जुटा है। जादूगोड़ा से नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट तक साफ-सफाई के साथ भवनों को रोशनी से सजाने का काम किया जा रहा है। इसी बीच नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के विस्थापितों से जुड़े स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघ, हितकु पंचायत ने अपनी मांगों को लेकर 4 अक्टूबर को यूसीआईएल के वाहनों का आवागमन रोकने की चेतावनी दी है।
संघ के अध्यक्ष अशोक दास और सचिव अमित दास ने बताया कि मांगों के समर्थन में 4 अक्टूबर को आंदोलन का निर्णय लिया गया है। आंदोलन को लेकर हितकु पंचायत के विस्थापितों की बैठक शुक्रवार शाम हितकु बजरंगबली चौक पर बुलाई गई है। बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
10 दिन का समय देने के बाद भी समाधान नहीं होने का दावा
संघ के अध्यक्ष अशोक दास और सचिव अमित दास के अनुसार, विस्थापितों की मांगों को लेकर 22 सितंबर को यूसीआईएल प्रबंधन ने 10 दिनों का समय मांगा था। संगठन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बावजूद मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रबंधन की ओर से समय मांगे जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से विस्थापितों में नाराजगी है। इसी के विरोध में 4 अक्टूबर को यूसीआईएल के वाहनों का आवागमन ठप करने की चेतावनी दी गई है।
वहीं, आंदोलन की घोषणा के बाद यूसीआईएल प्रबंधन के सामने सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को लेकर चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि, प्रबंधन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
















