Adityapur : आदित्यपुर थाना पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 से संबंधित है। वर्ष 2025 में पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि इसी कार्रवाई के दौरान मामले की मुख्य साजिशकर्ता बताई जा रही नाजिया परवीन मौके से ब्राउन शुगर फेंककर फरार हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए नाजिया करीब डेढ़ वर्ष तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर छिपती रही। इसी दौरान उसने अपने पूर्व पति जावेद अंसारी उर्फ लालटू से अलग होकर दूसरी शादी भी कर ली। पुलिस को सूचना मिली कि वह पिछले दो-चार दिनों से जीवनपुर, कोलाबिरा, सरायकेला क्षेत्र में रह रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बिलासपुर से लौटे आरोपी को भी दबोचा
दूसरा मामला आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026 से जुड़ा है। इसमें धारा 17(b), 21(b) और 27(a) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी अभियुक्त विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार, पिता स्व. रतन कर्मकार, निवासी राम मड़ैया बस्ती, आदित्यपुर लंबे समय से फरार था।
पुलिस के मुताबिक विपुल आदित्यपुर छोड़कर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपकर रह रहा था। पुलिस को उसके आदित्यपुर लौटने की सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने राम मड़ैया बस्ती में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई मामलों में जेल जा चुका है विपुल
पुलिस ने बताया कि विपुल कर्मकार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार वह लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामलों में आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों से कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले विपुल का भाई सिपुल कर्मकार भी छिनतई के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















