पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग, अनिल मोदी ने उपायुक्त और जेएनएसी उप नगर आयुक्त को लिखा पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शहर के विभिन्न बाजारों और प्रमुख क्षेत्रों में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा संचालित पार्किंग व्यवस्था एवं पार्किंग शुल्क वसूली में कथित खामियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल मोदी ने जिला उपायुक्त एवं जेएनएसी के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल सुधार की मांग की है।

अनिल मोदी ने कहा कि पार्किंग शुल्क वसूली की व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के कई हिस्सों में पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। यदि व्यवस्था इसी तरह चलती रही तो वह दिन दूर नहीं जब लोगों को अपने घर के बाहर वाहन खड़ा करने के लिए भी शुल्क देना पड़ेगा।

उन्होंने मांग की कि जेएनएसी द्वारा अधिकृत पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट और बड़े सूचना बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग शुल्क स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि वाहन मालिकों को शुल्क की जानकारी पहले से हो।

पर्ची पर शुल्क और अवधि की जानकारी हो

अनिल मोदी ने कहा कि पार्किंग शुल्क के बदले वाहन मालिक को दी जाने वाली पर्ची पर वसूला गया शुल्क, पार्किंग की वैध अवधि और अन्य आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। इससे नागरिकों को यह जानकारी रहेगी कि उनसे कितनी अवधि के लिए कितना शुल्क लिया गया है।

उन्होंने पार्किंग शुल्क वसूलने वाले कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आईडी कार्ड, बैज अथवा निर्धारित वर्दी उपलब्ध कराने की भी मांग की। उनके अनुसार इससे अधिकृत और अनधिकृत पार्किंग कर्मियों की पहचान आसानी से हो सकेगी और पार्किंग के नाम पर कथित मनमानी या अवैध वसूली पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

“शुल्क लेना गलत नहीं, व्यवस्था पारदर्शी हो”

अनिल मोदी ने कहा कि पार्किंग शुल्क लेना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन शुल्क वसूली की व्यवस्था स्पष्ट, निर्धारित और पारदर्शी होनी चाहिए। आम नागरिक को यह पता होना चाहिए कि कहां पार्किंग अधिकृत है, कितना शुल्क देना है और कितनी अवधि के लिए शुल्क लिया जा रहा है।

उन्होंने प्रशासन से इन मुद्दों पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पार्किंग व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नियम और पारदर्शी व्यवस्था लागू नहीं की गई तो लोग मजाक में बिष्टुपुर को “पार्किंगपुर” कहने लगेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.