बैंक डकैती, फायरिंग और छिनतई की घटनाओं पर भाजपा ने एसएसपी से की मुलाकात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

कानून-व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्ती बढ़ाने और CCTV निगरानी दुरुस्त करने की मांग

Jamshedpur  : शहर में हाल के दिनों में सामने आई बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई समेत अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने चिंता जताई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती और मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के समीप हुई फायरिंग की घटनाओं का उल्लेख किया। भाजपा नेताओं ने इन मामलों में अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा गोलमुरी बाजार में बैंक डकैती के अगले दिन समीप की ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया।

नशे और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने शहर में नशीले पदार्थों के कथित अवैध कारोबार और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना था कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने के बजाय इन गतिविधियों से जुड़े पूरे नेटवर्क, आपूर्ति तंत्र और प्रमुख संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

महिलाओं के साथ चेन और पर्स छिनतई, मोबाइल छिनतई तथा घरों एवं क्वार्टरों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी प्रतिनिधिमंडल ने रखी।

‘अपराधियों में कानून का भय और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जरूरी’

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी शहर की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उनके अनुसार, हाल की घटनाओं से आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने पुलिस से बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई, नशे और अवैध लॉटरी के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने का आग्रह किया।

सिन्हा ने पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि कानून एवं यातायात नियमों का पालन कराना पुलिस का दायित्व है, लेकिन कार्रवाई के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों के साथ संयमित, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्रों में पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित लाठीचार्ज को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

यातायात व्यवस्था और CCTV निगरानी का मुद्दा भी उठा

प्रतिनिधिमंडल ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी का ध्यान आकृष्ट कराया। संजीव सिन्हा ने विभिन्न मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर को व्यवस्थित करने और जरूरत के अनुसार बहाल करने की मांग की।

इसके अलावा सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों, नो-एंट्री के दौरान बड़े वाहनों की आवाजाही तथा यातायात पुलिस के व्यवहार से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV व्यवस्था की समीक्षा करने, खराब कैमरों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार निगरानी बढ़ाने की मांग की गई।

भाजपा ने व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल करने का आग्रह किया।

भाजपा ने रखीं ये प्रमुख मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने केनरा बैंक डकैती, बिंदल मॉल के समीप फायरिंग सहित अन्य गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में शाम से देर रात तक पुलिस गश्ती बढ़ाने, CCTV निगरानी मजबूत करने और नशे तथा अवैध लॉटरी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी गई।

भाजपा नेताओं ने नागरिकों और व्यापारियों के लिए त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, यातायात व्यवस्था सुधारने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था करने, सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई और व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित सुरक्षा समन्वय स्थापित करने का भी आग्रह किया।

एसएसपी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए मुद्दों और सुझावों को गंभीरता से सुना। पुलिस की ओर से प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा रही है और हाल की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि सह पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचीराम बाउरी, रीना चौधरी, तन्मय झा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, बिनोद सिंह, नीतीश कुशवाहा, सागर राय, अमित सिंह, किशोर ओझा, राकेश दुबे समेत मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रशांत पोद्दार, उपेंद्र गिरी, मारुति नंदन पांडेय, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, युवराज सिंह, अमित मिश्रा, आनंद शर्मा, शशांक शेखर, चिंटू सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.