पीएम मोदी ने जमशेदपुर के युवा कार्यकर्ता प्रदीप मुखर्जी से किया सीधा संवाद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत काशी से वडनगर की यात्रा पर निकले युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने यात्रा के क्रम में गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात, सेवा कार्यों तथा जनसरोकार से जुड़े अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। काशी से वडनगर जाने वाली सेवा संकल्प यात्रा में देशभर से युवा शामिल हैं और यात्रा के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

संवाद के दौरान झारखंड से गई 17 सदस्यीय टीम में शामिल जमशेदपुर महानगर के सुंदरनगर मंडल निवासी एवं भाजयुमो झारखंड के प्रदेश कार्यालय मंत्री प्रदीप मुखर्जी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधा संवाद किया। प्रधानमंत्री ने प्रदीप मुखर्जी का ‘जोहार’ कहकर अभिनंदन किया और यात्रा के दौरान अब तक मिले अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

प्रदीप मुखर्जी ने प्रधानमंत्री को बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में भ्रमण के दौरान स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाले स्वच्छताकर्मियों से मिलने और उनका सम्मान करने का अवसर मिला। उन्होंने स्वच्छताकर्मियों के साथ हुई बातचीत के अनुभव भी साझा किए।

प्रदीप मुखर्जी ने बताया कि यात्रा के दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से मुलाकात और संवाद का भी अवसर मिला। उन्होंने जमीनी स्तर पर लोगों से बातचीत कर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े उनके अनुभवों को जाना।

प्रधानमंत्री ने संवाद के दौरान सामाजिक सेवा में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक दायित्वों के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए काम करना भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता कार्यों में लगे लोगों के योगदान का सम्मान करने और समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना विकसित करने पर बल दिया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक सेवा संकल्प यात्राएं भी निकाली गई हैं।

प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद को प्रदीप मुखर्जी ने विशेष अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘जोहार’ कहकर संवाद की शुरुआत करना उनके लिए यादगार क्षण रहा। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।

प्रदीप मुखर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्वों के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहने की प्रेरणा देता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.