Jamshedpur : गौ रक्षा एवं गौ सेवा के उद्देश्य से संतों की ओर से देशभर में चलाए जा रहे गौ सम्मान अभियान के तहत रविवार को जमशेदपुर में झारखंड प्रांत के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरायकेला जिले के गौ भक्तों की भी सहभागिता रही। अभियान के आगामी कार्यक्रमों एवं जिले में इसकी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि उनका प्रवास सोमवार से सरायकेला और उसके बाद चाईबासा में रहेगा। उन्होंने सरायकेला एवं चाईबासा के गौ भक्तों से अपील की कि 17 दिसंबर को भारत सरकार को सौंपे जाने वाले ज्ञापन के समर्थन में अधिक से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराए जाएं।
स्वामी सोमेंद्र महाराज ने कहा कि 17 दिसंबर को देशभर से बड़ी संख्या में हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भारत सरकार को सौंपने की योजना है। झारखंड में रांची में 50 लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपने तथा लगभग 25 हजार गौ भक्तों के एकत्र होने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने सरायकेला जिले के गौ भक्तों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले की व्यापक भागीदारी से अभियान को मजबूती मिलेगी और गौ सेवा एवं गौ संरक्षण से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

















