JAMSHEDPUR : खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में पूर्वी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद पार्टी ने इसे सफल बताया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कार्यक्रम में शामिल नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आंदोलनकारियों के साथ जनता और मीडिया के प्रति आभार जताया। झामुमो ने राज्यभर में इस कानून के विरोध में आंदोलन किया है।
विक्टर सोरेन ने कहा कि झारखंड ने अपने अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम की वापसी की मांग को लेकर संघर्ष और जनआंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाने की बात कही तथा कहा कि पार्टी चरणबद्ध तरीके से आगे के कार्यक्रम आयोजित करेगी।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के अनुसार संशोधित कानून के तहत खनन क्षेत्र से राज्यों को मिलने वाले राजस्व में राज्यों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा यथावत रहने की बात कही गई है। वहीं झामुमो सहित राज्य सरकार इस संशोधन को राज्यों के खनिज एवं वित्तीय अधिकारों से जोड़कर इसका विरोध कर रही है।
जिला झामुमो नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। पार्टी ने कहा कि खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों के सवाल पर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
















