हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर दो बाइकों में सीधी भिड़ंत, चार घायल; तीन एमजीएम रेफर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka :पोटका थाना क्षेत्र के हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर जुड़ी गांव के समीप बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार के कारण दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पोटका थाना क्षेत्र के तेंतला ढाकढोला निवासी फनी भूषण सरदार, तेंतलापोड़ा पंचायत निवासी राजकुमार सरदार और कोरगासाई निवासी दुखीराम सरदार आर-15 मोटरसाइकिल से चारडीहा से हाता की ओर आ रहे थे। वहीं, हेंसलआमदा पंचायत के बर्गीकोचा निवासी सुनील पुरान हीरो होंडा मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान जुड़ी गांव के बीच दोनों मोटरसाइकिलों की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में चारों बाइक सवार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी पोटका पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए राजकुमार सरदार, दुखीराम सरदार और सुनील पुरान को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, फनी भूषण सरदार का इलाज सीएचसी पोटका में किया गया।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें