Jamshedpur : विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, तमोलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी सहियाओं के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर मरीजों की सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण देखभाल, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुरक्षा के प्रति स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मानगो क्षेत्र के आसपास स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत बड़ी संख्या में सहियाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. अमित कुमार ने विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान मरीजों की देखभाल, बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान और उचित स्वास्थ्य मार्गदर्शन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
वहीं, मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. मुकेश कुमार ने Patient Safety के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मरीजों की सुरक्षा स्वास्थ्य सेवा का अहम हिस्सा है। उन्होंने मरीज की सही पहचान, समय पर उपचार, संक्रमण की रोकथाम, दवाओं के सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और उचित निर्णय लेने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन पर फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव ने सभी प्रतिभागियों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को नियमित प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान करना मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

















