Jamshedpur : शहर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों और दुर्घटनाओं में जा रही लोगों की जान को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और हादसों के कारणों की समीक्षा के लिए धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान पिछले कुछ दिनों में जमशेदपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। दुर्घटनाओं के संभावित कारणों को चिन्हित करते हुए भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक उपायों पर रणनीति तैयार की गई।
बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों और वाहन चालकों की भी अहम भूमिका है। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच प्रशासन की इस बैठक में उठाए गए कदमों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि ब्लैक स्पॉट पर प्रस्तावित सुधारात्मक कार्रवाई और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को जमीन पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है।

















