Jamshedpur : महिला सशक्तीकरण और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्यरत सामाजिक संस्था मोर पंख की ओर से बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित तीन दिवसीय फेस्टिवल प्रदर्शनी मेला मंगलवार से शुरू हो गया। मेले का उद्घाटन विधायक सरयू राय, भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष मुकेश मित्तल और मंजु खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आयोजकों ने बताया कि मेला 17 सितंबर गुरुवार तक सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। प्रदर्शनी के माध्यम से घरेलू उद्योगों से जुड़ी महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनकी पहचान बढ़ाने के लिए मंच प्रदान किया गया है।
एक छत के नीचे मिलेंगे विविध उत्पाद
मेले में कुर्ती, साड़ियां, डिजाइनर ज्वैलरी, चादर, बंदनवार, लड्डू गोपाल की आकर्षक पोशाकें और विभिन्न प्रकार के गिफ्ट आइटम उपलब्ध हैं। इसके अलावा घर पर खाद्य पदार्थ तैयार कर रोजगार करने वाली महिलाओं द्वारा बनाए गए हाथ के बने मंगोड़ी, पापड़ और अचार जैसे उत्पाद भी उचित मूल्य पर बिक्री के लिए रखे गए हैं।
मेले में जमशेदपुर के अलावा कोलकाता, पुरुलिया और घाटशिला सहित अन्य क्षेत्रों की महिला उद्यमियों ने भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। कुल 53 स्टॉल प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
महिला उद्यमियों ने बताया कि त्योहारों के मौसम को देखते हुए यह मेला शहरवासियों के लिए खरीदारी का अच्छा विकल्प है। यहां घर की सजावट से जुड़े सामान, पारंपरिक एवं आधुनिक परिधान, उपहार सामग्री और विभिन्न प्रकार के घरेलू खाद्य उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।
आयोजकों के अनुसार, मेले का उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर के लिए बाजार और मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है।

















