‘जमशेदपुर को सुरक्षित सड़कें चाहिए, सिर्फ चालान नहीं’, सड़क हादसों पर दिनेश कुमार ने उठाए सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने जिला प्रशासन, टाटा स्टील और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

एग्रीको में हाल में हुई सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत पर दुख जताते हुए दिनेश कुमार ने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की सड़क हादसे में असमय मौत अत्यंत पीड़ादायक और विचलित करने वाली घटना है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिनेश कुमार ने कहा कि जमशेदपुर में सड़क दुर्घटनाएं अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। लगातार हो रहे हादसों में कई परिवार अपने प्रियजनों को खो रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना के बाद केवल संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हादसों को रोकने के लिए पहले से प्रभावी और ठोस व्यवस्था तैयार करना जरूरी है।

‘हेलमेट जांच जरूरी, लेकिन सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी व्यापक’

उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की चर्चा होते ही अक्सर हेलमेट जांच और चालान प्रमुख कार्रवाई के रूप में सामने आती है। हेलमेट पहनना निश्चित रूप से जरूरी है, लेकिन सड़क सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी वाहन चालकों पर डालकर प्रशासन और संबंधित संस्थाएं अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकतीं।

उन्होंने जिला प्रशासन और टाटा स्टील से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्पष्ट रोड साइन, गति नियंत्रण, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।

दिनेश कुमार ने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी केवल हादसा होने के बाद नहीं, बल्कि हादसे को रोकने के लिए पहले से दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी, स्पीड कंट्रोल और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

जनप्रतिनिधियों से समन्वय की अपील

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सड़क सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से उठाने और जिला प्रशासन तथा टाटा स्टील के साथ समन्वय कर स्थायी एवं प्रभावी यातायात व्यवस्था विकसित करने की अपील की।

दिनेश कुमार ने कहा, “एक-एक जीवन अनमोल है। जमशेदपुर को ऐसी यातायात व्यवस्था की आवश्यकता है जो केवल चालान काटने तक सीमित न हो, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने के लिए काम करे। हेलमेट चेकिंग जरूरी है, लेकिन सड़क सुरक्षा उससे कहीं बड़ा विषय है।”

एग्रीको हादसे में दिवंगत पिता-पुत्र को पुनः श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं से मिलकर ‘सुरक्षित जमशेदपुर, सुरक्षित यातायात’ की दिशा में ठोस और परिणामकारी कदम उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा, “जमशेदपुर को सुरक्षित सड़कें चाहिए, सिर्फ चालान नहीं।”

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें