Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। इसी क्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का व्यापक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास करेगी।
इस संबंध में रविवार को साकची स्थित भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्येक वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का विशेष अवसर है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सेवा पखवाड़े को विस्तार देकर एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का रूप दिया गया है।
अमर बाउरी ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत लोगों, विशेषकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता और आशीर्वाद के प्रतीक के रूप में दीप जलाने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह दीपक 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा।
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान भी
अभियान के तहत 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों और विकसित भारत की परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों की प्रेरक कहानियों को भावनात्मक संगीत, नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
इसी तरह ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के सम्मान के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता और बदलाव की कहानियों को मंच प्रदान किया जाएगा।
7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
अमर बाउरी ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों और गांवों को जोड़ते हुए यह यात्रा निकाली जाएगी। सेवा ज्योति कलश के साथ सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुविधानुसार पैदल यात्रा अथवा मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र—घर-घर से राष्ट्र तक आभार और संकल्प रंगोली’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’, ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ और मोटरसाइकिल यात्रा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक अनुभव का प्रभाव भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भारत की कूटनीति और वैश्विक मंचों पर देश की बढ़ती प्रतिष्ठा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से मजबूती मिली है।
जमशेदपुर महानगर में होंगे 14 प्रमुख सेवा कार्यक्रम
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि झारखंड भाजपा के निर्देशानुसार महानगर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 14 प्रमुख सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर संयोजक और सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर हुए कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
संजीव सिन्हा ने भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने जमशेदपुरवासियों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री सह अभियान संयोजक राजीव सिंह और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम कुमार झा मौजूद रहे।

















