Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में हुई चोरी का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित दास उर्फ लंगड़ा (25) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। वहीं, पूछताछ में सामने आए दूसरे आरोपी मो. जाफर को कदमा थाना कांड संख्या 98/2026 में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से भी चोरी के शेष सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 में अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर सोना, चांदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना को लेकर पीड़ित सुधांशु आदित्या के बयान पर साकची थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 को धारा 331(3)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विशेष टीम ने की छापेमारी
मामले के उद्भेदन और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सुमित दास उर्फ लंगड़ा की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सुमित ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए।
पूछताछ में घटना में शामिल दूसरे आरोपी मो. जाफर के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, जाफर को कदमा थाना कांड संख्या 98/2026 में गिरफ्तार किया गया है और उसके कब्जे से चोरी के शेष सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास
सुमित दास उर्फ लंगड़ा (25 वर्ष), पिता भोला दास, निवासी लकड़ी टाल, भुईयाडीह, बाबा कॉम्प्लेक्स के सामने, थाना सीतारामडेरा, जमशेदपुर का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना कांड संख्या 214/2020, दिनांक 29 नवंबर 2020, धारा 379 भादवि तथा बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 08/2025, दिनांक 9 जनवरी 2025, धारा 331(3)/305(ए) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
चोरी के ये जेवरात बरामद
– एक सोने की अंगूठी — 7.22 ग्राम
– एक जोड़ी सोने का पंजरा (मेहंदी छल्ला) — 66 ग्राम
– एक जोड़ी चांदी की पायल — 7.37 ग्राम
– एक चांदी की अंगूठी — 2 ग्राम
– टूटी हुई चांदी की अंगूठी का टुकड़ा — 1.9 ग्राम
पुलिस ने बरामद जेवरात को मामले में जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
















