Jamshedpur : गांव-देहात से बड़ी संख्या में मजदूर हर सुबह काम की तलाश में मानगो पहुंचते हैं। इन मजदूरों की बुनियादी सुविधाओं और उनके अधिकारों को लेकर बिदू चंदन ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने मानगो की मेयर सुधा गुप्ता से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपा।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि संस्था लगातार मजदूरों के हित में काम कर रही है। मजदूरों को उनके अधिकारों और श्रम कानूनों की जानकारी देने के साथ-साथ लेबर कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक एवं सहयोग किया जाता है।
ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिन स्थानों पर गांव-देहात से मजदूर रोजाना काम की तलाश में पहुंचते हैं, वहां उनके लिए शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। इसके अलावा मजदूरों से संवाद करने, उनकी समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए ट्रस्ट के पास कोई निर्धारित स्थान नहीं है।
प्रतिनिधियों ने मेयर से मांग की कि मानगो नगर निगम की ओर से मजदूरों के आने-जाने वाले किसी उपयुक्त स्थान पर ट्रस्ट के लिए जगह उपलब्ध कराई जाए। इससे वहां मजदूरों के हित में नियमित रूप से जागरूकता, सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ने संबंधी कार्य किए जा सकेंगे।
मेयर सुधा गुप्ता ने ट्रस्ट के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि आवेदन में उठाई गई मांगों पर समुचित कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रस्ट ने उम्मीद जताई कि नगर निगम की ओर से मजदूरों की बुनियादी सुविधाओं और उनके अधिकारों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल की जाएगी।
मेयर से मुलाकात करने वालों में ट्रस्ट की शिवानी मार्डी, मैय्या सोरेन, सिमोती बेसरा, मोहिनी सोरेन, सुनील हेब्रम, दीपक रंजीत और चमन सिंह शामिल थे।

















