जुगसलाई में जलजमाव और बाढ़ की समस्या पर चेयरपर्सन नौशीन खान सख्त, सड़क मरम्मत और स्लुइस गेट निर्माण में तेजी के निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद की चेयरपर्सन नौशीन खान ने नगर परिषद क्षेत्र में बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर मंगलवार को अधिकारियों, इंजीनियरों और सिटी मैनेजर के साथ विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने गौरी शंकर रोड स्थित गंगौर स्वीट्स से भाटिया बेग तक सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किए गए निरीक्षण में मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति और जल निकासी की समस्या सामने आई। बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी पर चेयरपर्सन ने नाराजगी जताई।

नौशीन खान ने संबंधित इंजीनियरों और अधिकारियों को सड़क एवं नाली निर्माण का तत्काल प्राक्कलन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि बरसात के कारण टेंडर प्रक्रिया में समय लगता है तो लोगों को तत्काल राहत देने के लिए सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है और सड़क व जल निकासी की समस्या के समाधान में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गरीब नवाज कॉलोनी समेत कई इलाकों का निरीक्षण

इसके बाद चेयरपर्सन ने गरीब नवाज कॉलोनी, इस्लाम नगर और शिवा घाट रोड का भी निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली गई तथा नालों की स्थिति का जायजा लिया गया।

नौशीन खान ने कहा कि इन इलाकों में जलजमाव का एक प्रमुख कारण नदी के पानी का नालों में बैकफ्लो होना भी है। नदी का पानी नालों में वापस आने के बाद आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर जाता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है।

स्लुइस गेट निर्माण पर जोर

चेयरपर्सन ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए पिछली बोर्ड बैठक में स्लुइस गेट निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित इंजीनियरों से इस संबंध में फिर चर्चा करते हुए निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गरीब नवाज कॉलोनी, इस्लाम नगर और शिवा घाट रोड के नालों पर स्लुइस गेट का निर्माण बाढ़ के पानी से लोगों को राहत दिलाने के लिए जरूरी है। अधिकारियों को सभी कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने को कहा गया।

जल संसाधन मंत्री को लिखा पत्र

इसी दिशा में नौशीन खान ने झारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी को पत्र लिखकर जुगसलाई में दो स्लुइस गेट के निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि नाले के पानी से जुगसलाई का बड़ा हिस्सा प्रभावित होता है और निचले इलाकों में रहने वाले सैकड़ों परिवारों को हर वर्ष बारिश के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मंत्री से विभागीय स्तर पर आवश्यक फंड उपलब्ध कराकर स्लुइस गेट निर्माण की पहल करने का आग्रह किया, ताकि जुगसलाई के निचले क्षेत्रों को बार-बार होने वाले जलजमाव और बाढ़ से स्थायी राहत मिल सके।

नौशीन खान ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य तत्काल राहत के साथ-साथ जलजमाव और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान करना है, ताकि हर बरसात में लोगों को उन्हीं परेशानियों का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के सिटी मैनेजर, इंजीनियर, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें