Jamshedpur : राजनगर प्रखंड के जाम्बनी गांव में जेएलकेएम की ओर से प्रथम रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 123 यूनिट रक्तदान किया। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में पुरुषों के साथ महिलाओं में भी रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
रक्तदाताओं एवं आयोजनकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे समाजसेवी सुनील कुमार दे ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसका कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि जाम्बनी जैसे सुदूर गांव में सफलतापूर्वक रक्तदान शिविर का आयोजन कर 123 लोगों द्वारा रक्तदान किया जाना सराहनीय उपलब्धि है। ऐसे आयोजन समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर के दौरान रक्तदान को लेकर ग्रामीणों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं के साथ विभीषण महतो, लखिन्दर महतो, पूजा महतो, शैलेन्द्र महतो एवं राजेश महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा वीबीडीए (VBDA) और ब्लड बैंक के कर्मचारियों ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।
आयोजकों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

















