एक सप्ताह का अल्टीमेटम खत्म, गोलमुरी की यातायात व्यवस्था पर आजसू का आंदोलन तेज,धर्मवीर महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : गोलमुरी की बदहाल यातायात व्यवस्था, अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे पर जिला प्रशासन को दिया गया एक सप्ताह का अल्टीमेटम समाप्त हो गया है। अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाते हुए आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। इसी क्रम में बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मवीर महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी शहर के प्रमुख व्यस्त इलाकों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, जाम, यातायात नियमों की अनदेखी और भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से स्थायी समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को गोलमुरी की यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर व्यवस्था में बदलाव दिखना चाहिए।

धर्मवीर महतो ने शुरू की भूख हड़ताल

इसी मांग को लेकर आंदोलन में सहयोग कर रहे बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मवीर महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। अप्पू तिवारी ने उनके आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए है।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों को साथ लेकर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

सड़क जाम की चेतावनी

अप्पू तिवारी ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क जाम जैसे लोकतांत्रिक विरोध के माध्यम से भी अपनी मांगों को उठाया जाएगा।

उन्होंने गोलमुरी में अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने, नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात को व्यवस्थित करने की मांग की।

उन्होंने JUSCO की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए नागरिक सुविधाओं से जुड़े संस्थानों से जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी के समय उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

अप्पू तिवारी ने कहा कि एक सप्ताह का अल्टीमेटम समाप्त हो चुका है और धर्मवीर महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि गोलमुरी की यातायात, पार्किंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को जनांदोलन का रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें