रक्षाबंधन पर रघुवर दास ने बहनों से बंधवाई राखी, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का दिया संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक बताते हुए देश और राज्यवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

रक्षाबंधन के मौके पर रघुवर दास अपनी दिवंगत बड़ी बहन को याद कर भावुक भी हुए। उन्होंने आंदोलन के दिनों के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि जब पुलिस छापेमारी करती थी, तब उनकी बड़ी बहन उनका संबल बनती थीं और वे कई बार उनके घर पर शरण लेते थे। उन्होंने अपनी मां के योगदान को भी याद किया और कहा कि जीवन में मिली उपलब्धियों के पीछे उनकी मां की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए रघुवर दास ने कहा कि सिर्फ कानून बना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कानूनों का प्रभावी और सख्ती से पालन भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी। रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें