सुंदरनगर ब्रह्मर्षि कमिटी रद्द करने की उठी मांग, नूतन राय ने केंद्रीय महिला कमिटी को लिखा पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadugoda : सुंदरनगर ब्रह्मर्षि कमिटी को जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि समाज में विलय करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि महिला समिति की अध्यक्ष नूतन राय ने जमशेदपुर स्थित केंद्रीय महिला कमिटी को पत्र लिखकर सुंदरनगर ब्रह्मर्षि कमिटी को रद्द करने की मांग उठाई है।

पत्र में नूतन राय ने कहा है कि पूर्व में जादूगोड़ा, नरवा पहाड़, सुंदरनगर और तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट क्षेत्र के ब्रह्मर्षि समाज के लिए एक संयुक्त कमिटी कार्यरत थी। उनके अनुसार, बाद में कुछ लोगों के निजी हितों के कारण समाज में विभाजन की स्थिति बनी और अलग-अलग कमिटी का गठन हुआ। इससे समाज की एकजुटता प्रभावित हुई है।

उन्होंने पत्र में कहा कि जादूगोड़ा से अलग होकर सुंदरनगर में स्वतंत्र कमिटी बनने से ब्रह्मर्षि समाज कमजोर हुआ है। पिछले करीब 40 वर्षों से जादूगोड़ा, नरवा पहाड़, सुंदरनगर और तुरामडीह प्रोजेक्ट में रहने वाले ब्रह्मर्षि समाज के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आए हैं। कंपनी से लोगों के सेवानिवृत्त होने के बाद इन क्षेत्रों में समाज की संख्या भी लगातार कम हो रही है।

नूतन राय का दावा है कि करीब 95 प्रतिशत महिलाएं सुंदरनगर की अलग कमिटी के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने केंद्रीय महिला कमिटी से आग्रह किया है कि पूर्व की तरह संयुक्त व्यवस्था को बहाल रखा जाए, ताकि सामाजिक कार्यक्रमों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और समाज संगठित एवं मजबूत बना रहे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि उसे अलग-अलग हिस्सों में बांटना। ऐसे में केंद्रीय कमिटी को पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर समाजहित में निर्णय लेना चाहिए।

पत्र के अंत में नूतन राय ने जिला की केंद्रीय कमिटी को सर्वोच्च मानते हुए उससे इस मामले में आवश्यक पहल करने और पूर्व की व्यवस्था को बहाल करने की दिशा में विचार करने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें