Saraikela :चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप रेलवे अंडरपास के पास गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां विधवा हैं। वह बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था।
बताया गया कि गुरुवार को करारगामा के समीप रेलवे अंडरपास के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा किस ट्रेन से हुआ और युवक रेलवे लाइन के पास किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रेन की पहचान समेत हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है।
इधर, युवक की मौत की खबर हाइतिरूल गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चैतन की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
















