मनोहरपुर। मनोहरपुर क्षेत्र के वयोवृद्ध वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं मजदूर नेता कॉमरेड जोगेश्वर नायक का मंगलवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने अपने पैतृक गांव डिम्बुली के नायक टोला स्थित आवास पर करीब 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।
परिजनों के अनुसार, कॉमरेड जोगेश्वर नायक पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ही किया जाएगा।
कॉमरेड जोगेश्वर नायक ने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में मजदूरों के अधिकार, आम लोगों के हित और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मजदूर नेता के रूप में क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। उन्होंने मजदूरों के हितों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और अपनी आवाज बुलंद की।
उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और मजदूर संगठनों से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त हो गया। क्षेत्रवासियों ने उनके निधन को सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
लोगों ने कहा कि जनहित और मजदूरों के अधिकारों के लिए कॉमरेड जोगेश्वर नायक द्वारा किए गए कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी नेता और जनसरोकार से जुड़े संघर्षशील व्यक्तित्व को खो दिया है।
















