जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 स्थित एक क्वार्टर में चोरों ने दिनदहाड़े ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, सिदगोड़ा निवासी दीपक कुमार सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपनी पत्नी के साथ इलाज के लिए टीएमएच गए थे। करीब 11 बजे दोनों वापस क्वार्टर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई।
जांच करने पर पता चला कि क्वार्टर के पीछे स्थित कमरे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजे की छिटकनी भी क्षतिग्रस्त थी। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी खुला मिला। लॉकर में रखे सोने की नथिया, कान की बाली, सोने की चेन, चांदी की बिछिया और करीब 20 हजार रुपये नकद गायब थे।
परिवार के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। आशंका जताई गई है कि घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने, चोरी गए आभूषण एवं नकदी बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
















