SIR-2026: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का किया निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत दावा-आपत्ति प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने पूर्वी सिंहभूम में निर्धारित विभिन्न सुनवाई स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने समाहरणालय परिसर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम कार्यालय, मानगो अंचल कार्यालय, जेएनएसी कार्यालय, जमशेदपुर सदर प्रखंड परिसर तथा वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित ईआरओ और एईआरओ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया, मतदाताओं को दी जा रही सहायता और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि आवेदन जमा करने में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन के अनुसार, SIR-2026 के तहत 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दाखिल की जा सकती है। वहीं 5 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 तक नोटिस चरण के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन किया जाना है।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि SIR का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है। उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच करने तथा किसी तरह की त्रुटि, नाम छूटने या अन्य आपत्ति होने पर निर्धारित अवधि में दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सुनवाई स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने, नागरिकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें