दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम ए.के. जैन ने किया चांडिल स्टेशन का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. जैन ने शुक्रवार को चांडिल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। गार्डनरीच, कोलकाता से सैलून द्वारा पहुंचे महाप्रबंधक शाम करीब चार बजे चांडिल स्टेशन पहुंचे। लगभग 40 मिनट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन और चार का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इसके अलावा स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, स्टेशन पैनल और परिचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

लिफ्ट की समस्या का मुद्दा उठा

निरीक्षण के दौरान समाजसेवी अरुण बागड़िया ने प्लेटफॉर्म पर लगी लिफ्ट की समस्या को महाप्रबंधक के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि बिजली कटने के दौरान लिफ्ट बंद हो जाती है, जिससे यात्रियों के अंदर फंसने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने लिफ्ट को निर्बाध बिजली आपूर्ति से जोड़ने की मांग की।

महाप्रबंधक ए.के. जैन ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक विष्णु तांती, रेलवे सुरक्षा प्रभारी सहित रेलवे के अधिकारी-पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.