Manoharpur : पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निशुल्क फिजिकल अकैडमी, मनोहरपुर के तत्वावधान में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को गोपीपुर स्टेडियम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, अकैडमी के प्रशिक्षुओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से “पेड़-पौधा धरती का आभूषण है, जल-प्रकृति-हवा ही हमारे जीवन हैं” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे मानव जीवन के साथ-साथ जल, मिट्टी और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे भी होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम में निशुल्क फिजिकल अकैडमी के संरक्षक एवं कुरुख सरना जागरण मंच, मनोहरपुर-आनंदपुर प्रखंड के युवा संरक्षक बिमल किसपोट्टा, अध्यक्ष ध्रुवचरण महतो, सचिव बरनावास बरजो, उपाध्यक्ष रामनाथ किसपोट्टा, उपसचिव सुनील लकड़ा, कुरुख सरना जागरण मंच के युवा अध्यक्ष तिला तिर्की, समाजसेवी विजय तिग्गा, प्रशिक्षक नितेश महतो एवं समाजसेवी किशोर कच्छप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने संयुक्त रूप से गोपीपुर स्टेडियम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों ने कहा कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण मिल सके।

















