Guwa : गुवा थाना क्षेत्र की गंगदा घाटी में गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नुईया गांव निवासी गुरा चाम्पिया (18), पिता सोमनाथ चाम्पिया के रूप में हुई है। घायल युवक जादू जामुदा (18) बताया गया है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से रोवाम बाजार से गुवा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगदा घाटी में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से टकरा गई। टक्कर में गुरा चाम्पिया के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि जादू जामुदा भी घायल हो गया।
घायल जादू के अनुसार हादसे के बाद उसने राहगीरों से मदद मांगी और वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रात होने के कारण मदद नहीं मिल सकी। दोनों घायल अवस्था में रातभर घटनास्थल पर पड़े रहे।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को गुवा अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने गुरा चाम्पिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि जादू का इलाज शुरू किया गया।
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















