Jamshedpur : पोटका विधानसभा के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगरायन पंचायत के कैरासाई गांव के समीप हरिणा मुक्तेश्वर धाम जलाभिषेक यात्रा के दौरान जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता सूरज मंडल एवं उनके परिवार के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट की घटना को लेकर भाजपा ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर का प्रतिनिधिमंडल जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में सूरज मंडल के आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सूरज मंडल एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह ‘राजा’, जिला महामंत्री राजीव सिंह एवं पूर्व जिला मंत्री पप्पू सिंह शामिल रहे।
भाजपा नेताओं ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि हरिणा मुक्तेश्वर धाम की जलाभिषेक यात्रा में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त होनी चाहिए, लेकिन महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और विरोध करने पर मारपीट की घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
भाजपा नेताओं ने घटना में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की कथित संलिप्तता की बात सामने आने का दावा करते हुए कहा कि पुलिस को इस पहलू की भी गहन जांच करनी चाहिए। बाहरी लोगों के आगमन, उनकी भूमिका और घटना के पीछे किसी पूर्व नियोजित साजिश की संभावना की भी जांच होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत देने पहुंचे पीड़ित पक्ष के साथ थाना प्रभारी द्वारा किए गए कथित अनुचित व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। भाजपा नेताओं ने कहा कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
भाजपा ने कहा कि पहले चरण में प्रतिनिधिमंडल ग्रामीण एसपी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग करेगा। इसके बावजूद कार्रवाई में लापरवाही या टालमटोल जारी रही तो पार्टी द्वारा थाना घेराव एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर कोवाली भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़, भाजपा नेता गणेश सरदार, मनोज सरदार, चन्द्रशेखर गुप्ता समेत स्थानीय भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















